वार्षिक संयुक्त HADR एक्सरसाइज का आयोजन गुजरात के एयरफोर्स स्टेशन जामनगर में किया जा रहा है. इस अभ्यास की थीम ‘सहायता सेतु’ रखी गई है. इसमें थलसेना, नौसेना, वायुसेना, तटरक्षक बल और विभिन्न सरकारी एजेंसियां मिलकर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखेंगी. इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बेहतर तालमेल बनाना है.

यह अभ्यास आपदा राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने, आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने और भारत की अंतरराष्ट्रीय सहायता क्षमता को मजबूत करने पर केंद्रित है. इसमें चक्रवात जैसे संकटों के लिए चेतावनी प्रणालियों का परीक्षण भी शामिल है. इसके जरिए भारत की देश के भीतर ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों में भी आपदा के समय मदद पहुंचाने की क्षमता को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा.
टेबल टॉप एक्सरसाइज से परखी जाएगी तैयारी
AJHE2026 के दौरान टेबल टॉप एक्सरसाइज के जरिए अलगअलग आपदा की स्थिति में राहत अभियान की तैयारियां परखी जाएगी. इसमें NDMA, SDMA और DDMA जैसी आपदा प्रबंधन एजेंसियों की भूमिका और जिम्मेदारियों को समझने की कोशिश होगी. साथ ही मौसम विभाग और INCOIS की चेतावनी प्रणाली को परखना, ताकि चक्रवात या दूसरी आपदा की जानकारी मिलते ही समय पर कार्रवाई हो सके.
साथ ही, सैटेलाइट, समुद्री जानकारी और GIS मैपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की मदद से आपदा प्रभावित इलाकों की सही जानकारी जुटाना है.
ताउते से ऑपरेशन दोस्त तक के अनुभवों पर चर्चा
इस दौरान समझने की कोशिश होगी कि चक्रवात या अन्य प्राकृतिक आपदा के समय विभिन्न एजेंसियां किस तरह जिम्मेदारियां निभाएंगी और आपसी समन्वय से राहत अभियान कैसे चलाया जाएगा. इस अभ्यास में पिछले आपदा राहत अभियानों और प्राकृतिक आपदाओं से मिले अनुभवों को भी शामिल किया जाएगा.
इनमें चक्रवात ताउते और बिपरजॉय के अलावा ऑपरेशन मैत्री, ऑपरेशन दोस्त, ऑपरेशन ब्रह्मा, ऑपरेशन सागर बंधु और ऑपरेशन अमिस्ताद से मिले सबक पर चर्चा होगी.
अभ्यास में शामिल विमान और हेलीकॉप्टर
- वायुसेना: C17, C130, AN32, C295, चिनूक, Mi17 V5, चीता और जगुआर.
- वायुसेना का RPA .
- नौसेना का ALH और डोर्नियर विमान.
- थलसेना का ALH हेलीकॉप्टर.
- तटरक्षक बल का ALH हेलीकॉप्टर.
इस अभ्यास के जरिए यह तैयारी की जाएगी कि किसी भी बड़ी प्राकृतिक आपदा के समय सभी एजेंसियां मिलकर कैसे तेजी से राहत और बचाव अभियान चला सकती हैं. इसका मुख्य मकसद लोगों की जान बचाना, नुकसान कम करना और जरूरत पड़ने पर दूसरे देशों तक भी जल्द मदद पहुंचाना है.



