हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में बच्चियों, युवतियों और महिलाओं के साथ हो रहे यौन उत्पीड़न के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जो बेहद चिंता का विषय है। अब ताजा मामला जिला हमीरपुर से सामने आया है। यहां एक महिला के साथ दो युवकों ने नीच हरकत की है। 

मेहंदी लगवा रही महिला के साथ की छेड़छाड़

शिकायतकर्ता सिद्धार्थ शर्मा ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात उनकी बहन विवेकानंद चौक पर मेहंदी लगवा रही थीं। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार युवकों ने तेज आवाज में गाने बजाने और हॉर्न बजाने शुरू कर दिए।

 

 

आरोप है कि युवकों ने उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। जब सिद्धार्थ शर्मा और उनके जीजा ने इसका विरोध किया तो गाड़ी में बैठे मोनू और जोकर नाम के युवकों ने उनके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया और गाली-गलौच की।

पुलिस ने दो युवकों पर दर्ज किया केस

मामले की शिकायत मिलने के बाद सदर पुलिस ने मोनू और जोकर के खिलाफ BNS की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।

 

महिलाओं से अभद्रता होने पर यहां करें शिकायत

SP ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या अभद्रता होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। इसके लिए आपातकालीन नंबर 112 या महिला हेल्पलाइन 1091 पर कॉल कर सकते हैं। शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।