Gurugram Uber Driver Arrested: गुरुग्राम में महिला से कैब का किराया बढ़ाकर मांगने और विरोध करने पर बदसलूकी व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार किया है. महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. गुरुग्राम पुलिस ने पोस्ट पर खुद संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया था कि Uber ड्राइवर ने ऐप पर दिखाए गए किराये से ज्यादा पैसे मांगे. महिला ने अतिरिक्त पैसे देने से इनकार किया तो ड्राइवर ने कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी. सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने महिला से संपर्क करने की कोशिश की और मामले में FIR दर्ज की.

तकनीकी मदद से की गई आरोपी की पहचान

तकनीकी मदद से आरोपी की पहचान कर पालम विहार थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच सेक्टर39 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान यासिर , निवासी गांव घासेड़ा, जिला नूंह के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी ने Uber पर अपना अकाउंट जमील जाहिद खान के नाम से बनाया हुआ था.

महिला ने X पर साझा की आपबीती

महिला ने इससे पहले X पर अपनी आपबीती साझा की थी. साथ ही आरोप लगाया था कि उसने ऐप पर दिखाए गए किराये से ज्यादा रकम देने से मना किया तो चालक ने उसे कैब के अंदर बंद कर दिया. घटना तब हुई जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उबर कैब से गुरुग्राम स्थित अपने घर जा रही थी. ऐप पर यात्रा के शुरू होने से पहले का किराया 625 दिखा रहा था.

ड्राइवर ने हाथ पकड़ा, आगे की खिड़की बंद की

यात्रा खत्म होने के बाद ड्राइवर ने उसे रैपिडो ऐप पर 1,479 रुपये किराये का एक स्क्रीनशॉट दिखाया और उतना ही मांगा. जब महिला ने कैब ड्राइवर से कहा कि स्क्रीनशॉट किसी दूसरे ऐप का है और वो उबर का किराया दे चुकी है, तो ड्राइवर ने उसे अपना सामान निकालने से रोक दिया. महिला का आरोप ये भी है कि ड्राइवर ने उसका हाथ पकड़ा और आगे की खिड़की बंद कर दी, ताकि वो सामान न निकाल सके.

इसके बाद वह उसके घर तक गया और उसे धमकी भी दी . अब पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.