परिवार को लगता था कि उनकी बेटी लंदन में पढ़ाई कर रही है, लेकिन बेटी भारत में ही रह रही थी और उसका शव एक अपार्टमेंट में मिला. महाराष्ट्र के पुणे से ये हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मृतक का नाम मुग्धा देशमुख है. मुग्धा के माता पिता को भनक तक नहीं थी कि उनकी बेटी भारत में है. खास बात ये है कि उन्हें इस बात का पता तब चला जब उन्हें खाने की डिलीवरी से जुड़े कुछ ट्रांजेक्शन दिखे. पुलिस के मुताबिक मुग्धा अगस्त महीने में ही लंदन छोड़ चुकी थी और पुणे में रह रही थी.

पुणे पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 34 साल की एक महिला, जिसके परिवार को लगता था कि वो लंदन में पढ़ाई कर रही है, पुणे के एक किराए के अपार्टमेंट में मृत पाई गई. उसके मातापिता को उसके भारत में होने का पता तब चला, जब उन्हें खाने की डिलीवरी से जुड़े कुछ ट्रांजेक्शन दिखे. जुलाई 2025 में वो एमबीए करने के लिए लंदन गईं.

अगस्त में चुपचाप भारत लौट आई थी मुग्धा

एक अधिकारी ने बताया कि मुग्धा देशमुख, जो MBA करने के लिए जुलाई 2025 में UK गई थी और अगस्त में चुपचाप भारत लौट आई थी. गुरुवार को पिंपरी चिंचवड़ के गहुंजे इलाके में एक रिहायशी कॉम्प्लेक्स में वो मृत पाई गई. हालांकि उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था.

लंदन में अकेली रहती थी मुग्धा

पुलिस के मुताबिक छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली मुग्धा लंदन में अकेली रहती थी और उसने कुछ पार्टटाइम काम भी शुरू कर दिए थे. मुग्धा का परिवार फोन कॉल और मैसेज के जरिए उसके संपर्क में था. हालांकि, 24 अक्टूबर को वो उससे संपर्क नहीं कर पाए, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया. यह जानकारी उसके पिता अविनाश देशमुख ने इस हफ्ते की शुरुआत में छत्रपति संभाजीनगर पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में दी.

मुग्धा की सहेली से किया संपर्क

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद मुग्धा देशमुख के परिवार ने लंदन में रहने वाली उसकी एक दोस्त से संपर्क किया. दोस्त ने बताया कि उसने आखिरी बार 22 अक्टूबर को मुग्धा से मैसेज के जरिए बात की थी. अधिकारी के मुताबिक, इसके बाद दोस्त ने लंदन पुलिस से संपर्क करके उसके लापता होने की सूचना दी, लेकिन उसे बताया गया कि मुग्धा अगस्त के आखिर में ही UK से निकल गई थी. बेटी के न मिलने से चिंतित, उसके परिवार ने मदद के लिए भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से संपर्क किया.

ऐसे हाथ लगा सुराग

पुलिस ने बताया कि मुग्धा के पिता ने उसके बैंक स्टेटमेंट देखे, तो उन्हें 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म पर हुए कई ट्रांजेक्शन का पता चला. खास बात ये है कि इनमें से एक ट्रांजेक्शन के छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से होने का संदेह था, जिससे परिवार को लगा कि मुग्धा भारत में हो सकती है.

फ्लैट में मिला शव

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद परिवार ने मुग्धा की सुरक्षा को लेकर चिंतित होकर छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया.
पिंपरी चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर देवेंद्र चव्हाण ने बताया ‘छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने मुग्धा की लोकेशन गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की. हम उस फ्लैट तक पहुंचे जहां वो रह रही थी, एक चाबी बनाने वाले की मदद से अंदर गए और जहां उसे मृत पाया’.

शरीर पर नहीं चोट के निशान

उन्होंने आगे बताया कि शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं दिखा, और मौत का सही कारण जानने के लिए उसके विसरा को सुरक्षित रख लिया गया है. चव्हाण ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुग्धा ने अप्रैल में ही यह अपार्टमेंट किराए पर ले लिया था, लेकिन अगस्त में यूके से लौटने के बाद ही वो यहां रहने आई थी. उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच चल रही है.