Giridih Murder Case: झारखंड में गिरीडीह जिले की पुलिस ने एक ऐसे हत्याकांड का खुलासा किया है, जहां लाखों रुपये की डिमांड करने पर शादीशुदा प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पहले प्रेमिका की हत्या की और फिर मामले को हादसे का रूप देने के लिए उसके शव को बोरे में भरकर बाइक से रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक आया.

गिरिडीह पुलिस ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से इस हत्याकांड का खुलासा किया. पुलिस ने इस हत्याकांड के मामले में प्रेमिका के शादीशुदा प्रेमी विनोद मंडल और उसकी पत्नी सविता देवी को गिरफ्तार किया है. साथ ही हत्याकांड में उपयोग की गई पल्सर बाइक, एक मोबाइल, एक बोरा सहित अन्य सामान बरामद कर लिया है.

20 सितंबर को रेलवे ट्रैक पर मिली थी युवती की लाश

दरअसल, 20 सितंबर को गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिचाकी स्टेशन के पास के रेलवे ट्रैक से एक युवती का शव बरामद हुआ था, जिसके बाद इसे लेकर गोमो रेल थाना में जीरो एफआईआर दर्ज हुई थी. फिर मामला गिरिडीह जिले के बगोदर थाना पहुंचा. मामले की जांच और खुलासे के लिए गिरिडीह जिले के एसपी ने एक एसआइटी टीम का गठन किया.

इसके बाद एसआईटी टीम ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं और घटनास्थल से बरामद सबूतों के आधार पर जांच करते हुए मृतका की पहचान सरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली लक्ष्मी कुमारी के रूप में की. जांच के दौरान एसआईटी को ये पता चला कि लक्ष्मी कुमारी का गिरिडीह जिले के ही सरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले विनोद मंडल के साथ पिछले पांच सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था.

लक्ष्मी विनोद पर लगातार पैसे देने का बना रही थी दबाव

आरोपी चिचाकी रेलवे स्टेशन पर ही अनुबंध पर काम करता था. रेलवे स्टेशन से दोनों का प्यार शुरू हुआ था. शादीशुदा प्रेमी विनोद प्रेमिका लक्ष्मी के खानेपीने से लेकर उसके पढ़ाई के लिए पैसे देता था. लक्ष्मी कुमारी पीजी कर रही थी और आंध्र प्रदेश की एक यूनिवर्सिटी में एडमीशन लेना चाहती थी. उसको एडमीशन के लिए डेढ़ लाख रुपयों की जरूरत थी. लक्ष्मी विनोद पर लगातार पैसे देने के लिए दबाव बना रही थी.

सुनसान जगह पर विनोद ने गला दबाकर की हत्या

बार बार पैसों की डिमांड से तंग आकर विनोद ने लक्ष्मी से छुटकारा पाने का सोचा. फिर उसने साजिश के तहत 19 सितंबर को लक्ष्मी को मिलने के बहाने बुलाया और उसे बाइक पर बैठाकर एक सुनसान कमरे में ले गया. वहां रात में गला दबाकर लक्ष्मी की हत्या कर दी. फिर अपनी पत्नी सविता के साथ मिलकर प्रेमिका के शव को बोरे में भरकर बाइक से रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया.

विनोद ने ऐसा इसलिए किया ताकि घटना हत्या नहीं बल्कि हादसा लगे. हालांकि पुलिस लक्ष्मी के हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विनोद और उसकी पत्नी सविता को अरेस्ट कर लिया है. उनकी निशानदेही पर ही पुलिस से हत्या में इस्तेमाल चीजें बरामद की हैं.